सौहार्द, भाईचारे एवं शांतिपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की अपील, कावड़ यात्राओं के दौरान यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था पर हुई विस्तृत चर्चा
रतलाम। पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश पंद्रो के मार्गदर्शन में आगामी त्योहारों एवं श्रावण माह को दृष्टिगत रखते हुए थाना सैलाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना प्रभारी सुश्री पिंकी आकाश सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, शांति समिति के सदस्यों एवं नगर के गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।
बैठक में आगामी 15 अगस्त, हरियाली तीज, रक्षाबंधन, ईद मिलादुन्नबी सहित विभिन्न धार्मिक एवं राष्ट्रीय पर्वों को आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि त्योहार समाज में प्रेम, सद्भाव एवं एकता का संदेश देते हैं। सभी नागरिक प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करते हुए शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
कावड़ यात्राओं को लेकर यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा–
बैठक में श्रावण माह के दौरान आयोजित होने वाली कावड़ यात्राओं एवं धार्मिक आयोजनों को लेकर विशेष रूप से चर्चा की गई। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के कावड़ लेकर सैलाना नगर से होते हुए प्रसिद्ध केदारेश्वर महादेव मंदिर पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
कावड़ यात्राओं के दौरान नगर के प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारू रखने, प्रमुख चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती तथा आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के संबंध में चर्चा की गई। साथ ही धार्मिक जुलूस एवं आयोजनों के दौरान निर्धारित मार्ग एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई।
सोशल मीडिया पर अफवाहों से बचने की अपील–
थाना प्रभारी सुश्री पिंकी आकाश ने उपस्थित नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें और न ही उसे आगे प्रसारित करें। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आपत्तिजनक, भ्रामक अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री साझा करने से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद अथवा कानून-व्यवस्था से संबंधित समस्या की सूचना तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बैठक में त्योहारों के दौरान नगर की यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर भी नागरिकों द्वारा महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने आगामी त्योहारों एवं धार्मिक आयोजनों के दौरान शांति, कानून-व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन को पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।
बैठक में उनि शिवाजी राव जगताप, जगदीश पटेल, पार्षद प्रतिनिधि रामप्रसाद चंदेल, पार्षद प्रतिनिधि किशोर कसेरा, पार्षद विशाल धभाई, पार्षद मुकेश पटेल, पार्षद कुलदीप कुमावत, पार्षद प्रतिनिधि प्रशांत मांडोत, व्यापारी एसोसिएशन अध्यक्ष इंद्रेश चंडालिया, ओम सोनी, भंवर सिलावट, दिनेश आसरा, संजय जैन, कस्बा पटवारी ओंकार लाल भूरिया, पप्पू कुमावत, नगर परिषद से भीमसेन लहरी, आरआई, शौकत खां, शहीद शाह, रक्षा समिति सदस्य लक्ष्मण भगत, रवि सोलंकी, दिगेन्द्र बैरागी, सिकंदर शाह, आरक्षक तुफान सिंह भूरिया, आरक्षक दिनेश पाटीदार, आरक्षक मनीष खराड़ी सहित पुलिसकर्मी एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
रतलाम पुलिस द्वारा सभी नागरिकों से आगामी सभी धार्मिक एवं राष्ट्रीय पर्वों को आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मनाने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।
