पूर्व जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा — लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश18 अगस्त 2026
आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित समाधान तथा पुलिस प्रशासन के प्रति नागरिकों के विश्वास को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय रतलाम में जनसुनवाई का आयोजन किया गया।
पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन में आयोजित जनसुनवाई में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए 38 आवेदकों की शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार द्वारा प्रत्येक आवेदक की समस्या को ध्यानपूर्वक सुना गया तथा संबंधित प्रकरण के संबंध में संबंधित थाना प्रभारियों एवं अधिकारियों से अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली गई। नई प्राप्त शिकायतों के संबंध में पुलिस अधीक्षक द्वारा संबंधित अधिकारियों को शीघ्र, निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए शिकायतों का संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक द्वारा निर्देशित किया कि शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए यथासंभव मौके पर ही निराकरण की कार्रवाई की जाए तथा की गई कार्रवाई एवं प्रकरण की प्रगति से संबंधित आवेदक को भी अवगत कराया जाए।
पूर्व जनसुनवाई की शिकायतों की भी हुई समीक्षा– जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम ग्रामीण श्री विवेक कुमार लाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम शहर श्री राकेश पंद्रो द्वारा पूर्व में आयोजित जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों से लंबित शिकायतों की प्रगति एवं अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने लंबित मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के निराकरण में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए तथा प्रत्येक शिकायत पर की गई कार्रवाई का उचित रिकॉर्ड संधारित किया जाए।
आमजन की सुविधा एवं पारदर्शी पुलिसिंग पर जोर–
रतलाम पुलिस द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं पारदर्शी समाधान को प्राथमिकता दी जा रही है। जनसुनवाई के माध्यम से नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि प्रत्येक शिकायतकर्ता की समस्या को संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ सुना जाए तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए नागरिकों को समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराई जाए।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता के साथ बेहतर संवाद एवं समन्वय स्थापित करते हुए शिकायतों का त्वरित निराकरण पुलिसिंग की प्राथमिकता रहे। इस दौरान सभी अनुविभागीय अधिकारी एवं थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
रतलाम पुलिस द्वारा आमजन की शिकायतों एवं समस्याओं के समाधान के लिए जनसुनवाई की प्रक्रिया नियमित रूप से जारी रखी जा रही है, ताकि नागरिकों को त्वरित सहायता, प्रभावी पुलिस कार्रवाई एवं न्यायसंगत समाधान उपलब्ध कराया जा सके।
